उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश के वरिष्ठ विधायकों ने शिष्टाचार भेंट की, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में नई अटकलों को बल मिला है।

इस मुलाकात के दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ, दुर्गेश्वर लाल और महेश जीना मुख्यमंत्री से मिले, भेंट के अवसर पर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। विकास योजनाओं की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक संवाद होने की जानकारी सामने आई है।

हालांकि, आधिकारिक रूप से इस बैठक को विकास संबंधी चर्चा बताया जा रहा है, लेकिन जिस समय यह मुलाकात हुई है, उसे देखते हुए कैबिनेट विस्तार की संभावनाओं पर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल में फेरबदल या विस्तार को लेकर कोई अहम निर्णय लिया जा सकता है।

फिलहाल मुख्यमंत्री और विधायकों के बीच हुई इस मुलाकात ने राज्य की राजनीति में नई हलचल जरूर पैदा कर दी है। अब सभी की निगाहें आगामी राजनीतिक घटनाक्रम और संभावित कैबिनेट विस्तार पर टिकी हुई हैं।





