सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।वॉर ड्रामा फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है। यह फिल्म 1997 की ब्लॉकबस्टर ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, लेकिन इस बार कहानी, किरदार और युद्ध—तीनों अलग हैं।
पहले भाग से जहां केवल सनी देओल की वापसी हुई है, वहीं तबू को सीक्वल में शामिल न किए जाने को लेकर दर्शकों के मन में सवाल उठ रहे थे। अब इस पर फिल्म की निर्माता और जेपी दत्ता की बेटी निधि दत्ता ने चुप्पी तोड़ी है।
निधि दत्ता ने बताया—तबू को क्यों नहीं किया गया कास्ट
फिल्म प्रमोशन के दौरान समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में निधि दत्ता ने स्पष्ट किया कि ‘बॉर्डर 2’ की कहानी 1971 के युद्ध या लोंगेवाला की लड़ाई पर आधारित नहीं है। यह एक अलग युद्ध और अलग सैनिकों की कहानियों पर केंद्रित है, इसलिए पहले भाग के सभी कलाकारों को दोहराना संभव नहीं था।
Also Read-हजरत रमजान शाह बाबा के उर्स मेला के मौके पर बार बालाओं ने किया अश्लील डांस
उन्होंने कहा कि इस फिल्म में सनी देओल मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी का किरदार नहीं निभा रहे हैं। जब किरदार अलग है, तो स्वाभाविक तौर पर उसकी पत्नी का किरदार भी अलग होगा—यही वजह है कि तबू को इस बार कास्ट नहीं किया गया।
जनरल बिपिन रावत से जुड़ा है ‘बॉर्डर 2’ का भावनात्मक रिश्ता
निधि दत्ता ने यह भी खुलासा किया कि यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि दिवंगत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत ने कुछ साल पहले उन्हें और जेपी दत्ता को दिल्ली बुलाकर 22 वीर सैनिकों की कहानियां सुनाई थीं और उन्हें बड़े पर्दे पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत का अचानक निधन हो गया, लेकिन उनकी कही बातों और दी गई जिम्मेदारी को उन्होंने कभी नहीं भुलाया। बाद में उन्हीं कहानियों में से कुछ को जोड़कर ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रिप्ट तैयार की गई।
निधि दत्ता के मुताबिक,‘बॉर्डर 2’ सिर्फ उनका और उनके पिता का सपना नहीं, बल्कि दिवंगत जनरल बिपिन रावत का भी सपना है, जिसे अब दर्शकों के सामने लाया जा रहा है।अब देखना होगा कि देशभक्ति, बलिदान और जज़्बे की ये नई कहानियां बॉक्स ऑफिस पर वही इतिहास दोहरा पाती हैं या नहीं, जो ‘बॉर्डर’ ने रचा था।


