भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज़ का आगाज़ आज से हो रहा है। वनडे सीरीज़ जीतने के बाद न्यूजीलैंड टीम के हौसले सातवें आसमान पर हैं, वहीं भारतीय टीम इस टी20 सीरीज़ को जीतकर वनडे में मिली हार का हिसाब चुकता करना चाहेगी।
यह सीरीज़ टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज़ से भी बेहद अहम मानी जा रही है।टी20 टीम की कमान संभाल रहे सूर्यकुमार यादव के सामने व्यक्तिगत फॉर्म में वापसी की चुनौती भी होगी। इंडियन प्रीमियर लीग के अनुभव के कारण भारतीय टीम के पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपनी भूमिकाओं को बखूबी जानते हैं। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेलने और विश्व कप से पहले जीत की लय बरकरार रखने का दबाव टीम पर साफ नजर आएगा, जिसे कप्तान सूर्यकुमार भी भली-भांति समझते हैं।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत ने उनकी अगुवाई में खेले गए 25 में से 18 मुकाबले जीते हैं। इस सफलता में अभिषेक शर्मा की आक्रामक शुरुआत और वरुण चक्रवर्ती की मध्य ओवरों में प्रभावी गेंदबाजी की अहम भूमिका रही है। न्यूजीलैंड टीम हालिया समय में बेहतरीन लय में दिखी है। उसने न केवल भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में क्लीन स्वीप किया, बल्कि हाल ही में भारतीय धरती पर पहली बार द्विपक्षीय वनडे सीरीज़ जीतकर इतिहास भी रचा। 2024 टी20 विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड ने 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें से 13 में उसे जीत मिली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया न्यूजीलैंड के बढ़े हुए आत्मविश्वास को तोड़कर टी20 सीरीज़ में जीत दर्ज कर वनडे हार का बदला ले पाती है या नहीं।





