भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज़ का दूसरा मुकाबला आज खेला जाएगा। पहले मैच में 48 रनों की शानदार जीत दर्ज कर चुकी भारतीय टीम इस मुकाबले में सीरीज़ में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम इस मैच को जीतकर सीरीज़ में बराबरी करना चाहेगी।

पहले T20 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा और रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर टीम के जीत की नींव रखी। हालांकि इनके के अलावा अन्य बल्लेबाज़ कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके, जो टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय हो सकता है। दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को कप्तान सूर्यकुमार यादव संजू सैमसन से दमदार पारी की उम्मीद रहेगी। गेंदबाज़ी विभाग में भी भारत अपने मजबूत प्रदर्शन को दोहराना चाहेगा।
दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम हर हाल में यह मुकाबला जीतकर सीरीज़ को 1-1 से बराबर करना चाहेगी। पहले मैच में मिली हार के बाद कीवी टीम अपनी रणनीति में बदलाव कर मैदान में उतर सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या टीम इंडिया अपनी जीत की लय बरकरार रख पाती है या न्यूजीलैंड वापसी कर सीरीज़ में रोमांच बढ़ाता है।





