उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय पहुंचे। इस दौरान उनकी मौजूदगी में विश्वविद्यालय से जुड़े अहम प्रतीकों जैसे लोगो, यूनिफॉर्म और सूत्र वाक्य का लोकार्पण किया गया। सीएम योगी ने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल संस्कृति को नई दिशा देगा।
यह खेल विश्वविद्यालय मेरठ के सरधना क्षेत्र में गंग नहर के किनारे करीब 90 एकड़ जमीन पर विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय के लिए 10 एकड़ अतिरिक्त भूमि भी दी जाएगी।उन्होंने कहा कि पहले चरण का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा किया जाएगा। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि 31 मई 2026 तक सभी जरूरी काम पूरे कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत विश्वविद्यालय के अपने कैंपस से हो।
Also Read- मेरठ में मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय को मिला नया स्वरूप
खेलों की पहचान को मिलेगी मजबूती
सीएम योगी ने बताया कि मेरठ पहले से ही ODOP योजना के तहत स्पोर्ट्स आइटम के लिए जाना जाता है और यह विश्वविद्यालय उस पहचान को और मजबूत करेगा। यहां आगे चलकर डिप्लोमा, डिग्री और रिसर्च से जुड़े कोर्स शुरू किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य इसे वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाना है।इस मौके पर विश्वविद्यालय का सूत्र वाक्य ‘जय हिंद’ भी लॉन्च किया गया। साथ ही लोगो और यूनिफॉर्म को खेल और राष्ट्रभावना को दर्शाने वाली थीम पर तैयार किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि परिसर में ‘जय हिंद’ का संदेश देशभक्ति और अनुशासन का प्रतीक बनेगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति रिटायर्ड मेजर जनरल दीप अहलावत ने बताया कि मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की है और तय समय में सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विश्वविद्यालय जल्द पूरी तरह शुरू हो सके।



