उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग अलर्ट मोड पर है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सी. एस. तोमर के अनुसार आज राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की रिपोर्ट मिल रही है, जिसे देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मैदानी जिलों—हरिद्वार, देहरादून और उधमसिंह नगर—में दोपहर बाद मौसम गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश और बर्फबारी का दौर और तेज हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।



