भारत-नेपाल सीमा पर नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। 45वीं वाहिनी एसएसबी ने सुपौल और मधुबनी क्षेत्र में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान नेपाली शराब और गांजा बरामद किया है।
एसएसबी की सीमा चौकी नेओर ने गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 229 के पास विशेष गश्ती दल का गठन किया। जवानों ने संदिग्ध मार्गों पर निगरानी शुरू की, तभी एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति नेपाल से भारत की ओर अवैध रास्ते से आता हुआ दिखाई दिया। नाका दल ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर घेराबंदी कर ली।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम राजू कुमार, निवासी ग्राम मैनी, जिला मधुबनी बताया। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर लदी बोरी से 210 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 63 लीटर आंकी गई है।
इसके अलावा मधुबनी क्षेत्र में ही एक अन्य कार्रवाई के दौरान 1 किलो 900 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया, हालांकि इस मामले में तस्कर मौके से फरार हो गया।
कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि बरामद शराब, प्रयुक्त मोटरसाइकिल और गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद थाना अंधरामठ, जिला मधुबनी को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए एसएसबी पूरी तरह सतर्क है और इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक युवराज सहित अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




