उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती 2025 को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिन उम्मीदवारों ने सिपाही नागरिक पुलिस और उससे जुड़े अन्य पदों के लिए आवेदन किया है, उन्हें अब अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन का एक और मौका दिया गया है।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों की लगातार आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक के अनुसार, कई उम्मीदवारों ने आवेदन के दौरान हुई त्रुटियों को सुधारने की अनुमति देने का अनुरोध किया था। इसी को देखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवेदन संशोधन की प्रक्रिया शुरू की गई है।यह संशोधन विंडो 31 जनवरी सुबह 6 बजे से लेकर 3 फरवरी सुबह 6 बजे तक खुली रहेगी। इस निर्धारित समय के भीतर अभ्यर्थी अपने आवेदन में आवश्यक सुधार कर सकते हैं। बोर्ड ने साफ किया है कि संशोधन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं, जिन्हें उम्मीदवारों को जरूर देखना चाहिए।गौरतलब है कि इस भर्ती अभियान के तहत प्रदेश पुलिस और जेल विभाग में बड़ी संख्या में पदों पर सीधी भर्ती होनी है। इसमें सिपाही नागरिक पुलिस के 10,469 पद, सिपाही पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 15,131 पद, सिपाही विशेष सुरक्षा बल के 1,341 पद, सिपाही घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं। इसके अलावा जेल विभाग में जेल वार्डर पुरुष के 3,279 पद और जेल वार्डर महिला के 106 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।ऐसे में जिन अभ्यर्थियों से आवेदन के दौरान कोई गलती रह गई है, उनके लिए यह संशोधन का मौका बेहद अहम माना जा रहा है।



