कोडीन सिरप तस्कर भोला प्रसाद जायसवाल की करोड़ों की संपत्ति जब्त, कार्रवाई का दूसरा चरण पूरा
लखनऊ। अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में सोनभद्र पुलिस ने अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय कोडीन युक्त कफ सिरप तस्कर भोला प्रसाद जायसवाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बार फिर उसकी अवैध कमाई पर करारा वार किया है।
पहले 28.50 करोड़, अब करीब 6 करोड़ की और संपत्ति जब्त
पुलिस द्वारा पहले चरण में पहले ही 28.50 करोड़ की चल-अचल संपत्ति जब्त की जा चुकी थी। अब दूसरे चरण की कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 5.77 करोड़ की अतिरिक्त संपत्तियों को कुर्क/अभिग्रहित किया है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति का आंकड़ा अब 34 करोड़ से अधिक पहुंच गया है।
सीएम योगी के निर्देशों के तहत चला विशेष अभियान
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण द्वारा चलाए जा रहे संगठित अपराध विरोधी विशेष अभियान के तहत की गई। सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
NDPS एक्ट के तहत वाराणसी में भी हुई कुर्की
कोडीन सिरप तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित करते हुए धारा 68-F, एनडीपीएस एक्ट के तहत वाराणसी जनपद में भी कुर्की की कार्रवाई की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त और उसके परिजनों ने तस्करी से मिली रकम को अलग-अलग अचल संपत्तियों, वाहनों और बैंक खातों में निवेश किया था।
7 अचल संपत्तियां की गईं कुर्क
इस चरण की कार्रवाई में वाराणसी के मड़ौली, भरलाई और जगदीशपुर क्षेत्रों में स्थित कुल 7 अचल संपत्तियां कुर्क की गईं, जिनकी कुल कीमत ₹4.55 करोड़ से अधिक आंकी गई है। ये संपत्तियां अलग-अलग तिथियों में अभियुक्त व उसके परिजनों के नाम पर खरीदी गई थीं।
महंगी गाड़ियां भी जब्ती की जद में
पुलिस ने तस्करी से अर्जित धन से खरीदे गए 4 वाहनों को भी जब्त किया है, जिनमें एक लग्जरी Fortuner Legender, एक Hyundai i20, और दो दोपहिया वाहन शामिल हैं। इन वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 51 लाख से अधिक बताई जा रही है।
बैंक खातों में जमा करीब 71 लाख रुपये सीज
इसके साथ ही अभियुक्त से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में जमा 70.99 लाख की राशि को भी अभिग्रहित किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह रकम भी नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित की गई थी।
जब्त संपत्ति 5.77 करोड़ से अधिक
शनिवार को की गई इस कार्रवाई में:
अचल संपत्ति: 4.55 करोड़
वाहन: 51.16 लाख
बैंक बैलेंस: 70.99 लाख
कुल अभिग्रहित/कुर्क संपत्ति: 5,77,17,990
विशेष पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में SIT टीम और स्थानीय पुलिस बल की अहम भूमिका रही। कार्रवाई में शामिल अधिकारियों ने मौके पर पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कुर्की की कार्रवाई पूरी की।
सख्त संदेश: नशे के कारोबार से कमाई गई संपत्ति नहीं बचेगी
सोनभद्र पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ न सिर्फ गिरफ्तारी, बल्कि अवैध संपत्तियों की जब्ती भी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





