देर रात फायरिंग से हड़कंप, मेडांता में भर्ती, हालत स्थिर
पुलिस ने 8 टीमें गठित कीं, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

लखनऊ। राजधानी में बेखौफ अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार देर रात सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए। बदमाशों ने शॉपिंग स्क्वायर परिसर में फायरिंग कर एक सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
दुकान बंद करते समय बदमाशों ने किया हमला
घटना शॉपिंग स्क्वायर–2, अंसल सुशांत गोल्फ सिटी की है। यहां 60 वर्षीय अवधेश कुमार पाठक, जो भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, “रसोई बाई मां” नाम से रेस्टोरेंट संचालित करते हैं। शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे वह अपनी दुकान बंद कर कुछ सामान निजी कार में रख रहे थे, तभी बाइक से आए दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उन पर फायरिंग कर दी।
एक गोली अवधेश कुमार पाठक के दाहिनी आंख के ऊपर लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गोलीबारी के बाद मचा हड़कंप, बदमाश फरार
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर असलहे लहराते हुए फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम 112 सक्रिय हुआ और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
डीसीपी साउथ सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त दक्षिणी निपुण अग्रवाल, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज एवं थाना प्रभारी सुशांत गोल्फ सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल को तत्काल इलाज के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा, अज्ञात बदमाशों की तलाश तेज
पुलिस के अनुसार, घायल की पत्नी की तहरीर पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में धारा 109(1) बीएनएस के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
8 विशेष पुलिस टीमें गठित, हर एंगल से जांच

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए 8 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही, पुरानी रंजिश, व्यवसायिक विवाद समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
मूल निवासी संतकबीरनगर, गोसाईगंज में रह रहे थे
पुलिस के अनुसार, अवधेश कुमार पाठक मूल रूप से ग्राम हावपुर गड़ारी, थाना बखिरा, जनपद संतकबीरनगर के निवासी हैं और वर्तमान में ग्राम कबीरपुर, थाना गोसाईगंज क्षेत्र में अपने निजी आवास में रह रहे हैं।
राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल
भीड़भाड़ वाले कमर्शियल इलाके में रेस्टोरेंट के बाहर इस तरह की फायरिंग की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

