रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा 26 फरवरी को उदयपुर में शादी के बंधन में बंध गए। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं। इसी बीच उनके फैंस के लिए एक और खुशखबरी आई है।उनकी आने वाली फिल्म राणाबली का नया पोस्टर और गाना रिलीज कर दिया गया है। यह शादी के बाद दोनों की पहली फिल्म होगी, जिसमें वे लंबे समय बाद साथ नजर आएंगे। पोस्टर में दोनों साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं।
फिल्म की कहानी 1854 से 1878 के बीच की ऐतिहासिक घटनाओं से प्रेरित है। इसमें ब्रिटिश राज के दौर की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है। हॉलीवुड अभिनेता आर्नोल्ड वोस्लू फिल्म में विलेन के रोल में नजर आएंगे। संगीत अजय-अतुल ने दिया है और प्रोडक्शन मिथ्री मूवी मेकर्स ने किया है। फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Also Read- ‘अक्यूज्ड’ रिव्यू: गंभीर मुद्दे पर बनी धीमी लेकिन असरदार मनोवैज्ञानिक थ्रिलर
‘ओ मेरे साजन’ गाना रिलीज
फिल्म का नया गाना ओ मेरे साजन भी रिलीज हो गया है। इसे अजय-अतुल ने कंपोज किया है, जबकि श्वेता मोहन और जावेद अली ने अपनी आवाज दी है। गाने के बोल क्षितिज पटवर्धन ने लिखे हैं।
वीडियो में विजय और रश्मिका को नए शादीशुदा जोड़े के रूप में दिखाया गया है। गाने की शुरुआत शादी की तैयारियों से होती है। फिर रश्मिका का किरदार गृह प्रवेश करता है और आगे दोनों के बीच प्यार भरे पल दिखाए जाते हैं। अंत में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते नजर आते हैं।



