हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार दौरे पर रहेंगे। वह 7 मार्च को प्रस्तावित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी सुबह 10:50 बजे गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे सीधे बैरागी कैंप पहुंचेंगे, जहां सुबह 11:00 बजे से करीब एक घंटे तक तैयारियों का जायजा लेंगे।
इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:00 बजे मुख्यमंत्री देहरादून के लिए रवाना होंगे।
हरिद्वार के बैरागी कैंप में 7 मार्च को सहकारिता विभाग की एक बड़ी प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदर्शनी में सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी खुद तैयारियों के हर पहलू की निगरानी करेंगे। स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बैरागी कैंप क्षेत्र को व्यापक सुरक्षा घेरे में लिया जाएगा, विशेष सुरक्षा दलों की तैनाती की जाएगी,ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना लागू होगी।
जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस मुख्यमंत्री को सुरक्षा, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराएंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिससे 7 मार्च का कार्यक्रम सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।






