Home Breaking News सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों...

सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं 150 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

78
0


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर आए लोगों को भरोसा दिलाया कि वे बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में उपचार कराएं, सरकार उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपचार के लिए आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदनों की इस्टीमेट प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजा जाए, ताकि जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता राशि प्रदान की जा सके।


होलिकोत्सव मनाने के लिए सोमवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी आवेदकों को आश्वस्त किया कि किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरती जाए। शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं जमीन पर कब्जा या दबंगई की शिकायत मिलती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उससे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा, और कार्ड उपलब्ध न होने पर भरोसा दिलाया कि इलाज में आर्थिक सहायता दी जाएगी। अन्य कई लोग भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे थे, जिनकी समस्याओं को सुनते हुए सीएम योगी ने कहा कि किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।


जनता दर्शन कार्यक्रम में कुछ परिजन अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी लोगों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here