जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल को यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। पार्टी की नेता जैनब सिकंदर ने रालोद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी को सौंप दिया। इसकी जानकारी जैनब ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके दी।
जैनब सिकंदर ने अपने पोस्ट में लिखा कि आज उन्होंने राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद भी कहा। जैनब ने यह भी बताया कि अब वह ऐसी जगह काम करना चाहती हैं, जहां वह अपने समुदाय के लोगों का बेहतर तरीके से प्रतिनिधित्व कर सकें।
Also Read- शादी के बाद विजय देवरकोंडा ननिहाल पहुंचे, दिवंगत नाना-नानी की समाधि पर लिया आशीर्वाद
दो साल पहले रालोद में हुई थीं शामिल
जैनब सिकंदर करीब दो साल पहले राष्ट्रीय लोक दल में शामिल हुई थीं, लेकिन अब उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया है। वह मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली हैं और पढ़ाई में भी काफी आगे रही हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से हिस्ट्री ऑनर्स में टॉप किया था। इसके अलावा हाई स्कूल में वह ICSE बोर्ड में हिंदी और अंग्रेजी विषय में भी देश की टॉपर रह चुकी हैं।
जैनब एक क्लाइमेट चेंज एक्टिविस्ट भी हैं और कई फेलोशिप प्रोग्राम का हिस्सा रह चुकी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी राजनीति में भी अच्छी पकड़ रही है। वह पहले पत्रकार के तौर पर भी काम कर चुकी हैं और अखबारों में लेख लिखती रही हैं। पिछले कुछ सालों में उन्होंने राजनीतिक विश्लेषक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है और सोशल मीडिया पर कई मुद्दों पर अपनी राय रखती रहती हैं। पश्चिमी यूपी की राजनीति और समीकरणों पर भी उनकी अच्छी समझ मानी जाती है।




