Home Breaking News पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त आज जारी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी,यूपी...

पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त आज जारी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी,यूपी के 2.15 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

35
0

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आज देशभर के करोड़ों किसानों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के जरिए देश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता भेजी जाएगी। इस योजना का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश के किसानों को मिलने जा रहा है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत इस बार देश के लगभग 9 करोड़ 32 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। केंद्र सरकार की इस योजना के माध्यम से किसानों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी डीबीटी के जरिए राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसानों को बिना किसी बिचौलिये के आर्थिक सहायता मिलती है।

लाभार्थियों की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। इस बार प्रदेश के 2 करोड़ 15 लाख से अधिक किसानों को योजना का लाभ मिलेगा। 22वीं किस्त के तहत उत्तर प्रदेश के किसानों के खातों में करीब 4,335 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे।

अगर अब तक की बात करें तो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 21 किस्तों में उत्तर प्रदेश के किसानों को कुल 94,668 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। 22वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर से की थी। इस योजना के तहत छोटे और सीमांत किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है।

सरकार का कहना है कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से किसानों की आय बढ़ाने और उनके सम्मान को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को भी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here