नई दिल्ली: संसद परिसर में सोमवार को उस समय अचानक हलचल मच गई जब प्रवेश द्वार पर लगा सुरक्षा सायरन बजने लगा। सायरन की आवाज सुनते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास निगरानी बढ़ा दी।
जानकारी के मुताबिक, संसद परिसर के एंट्री गेट पर एक कार पहुंची थी, लेकिन वहां लगे सुरक्षा सिस्टम द्वारा वाहन के पास को पढ़ा नहीं जा सका और बूम गिर गया जिसकी वजह से गेट पर लगे सुरक्षा सिस्टम का सायरन बज उठा। सायरन बजते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाल ली और वाहन की जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा अधिकारियों ने वाहन और उसके पास की जांच की, जिसके बाद स्थिति सामान्य पाई गई। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की सुरक्षा चूक या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।
हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ देर तक संसद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त रखी गई और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। बाद में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।




