मथुरा के कोसीकला क्षेत्र में ब्रज के प्रसिद्ध गौरक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ “फरसा वाले बाबा” की कथित रूप से गौ तस्करों द्वारा गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
यह घटना तड़के सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है, जब संत चंद्रशेखर गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे घटना कोसीकला के कोटवन चौकी क्षेत्र के नवीपुर गांव के पास हुई इस मामले में गौ तस्करों पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संत चंद्रशेखर “फरसा वाले बाबा” गौ तस्करी को रोकने के लिए सक्रिय थे और घटना के समय भी संदिग्ध तस्करों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें जानबूझकर वाहन से कुचल दिया।
बताया जा रहा है कि संत बाइक से तस्करों का पीछा कर रहे थे, तभी आरोपियों ने अपनी गाड़ी से उन्हें टक्कर मारकर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में गौ रक्षक और स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए हैं और नेशनल हाईवे को जाम कर दिया गया है। पथराव की घटनाएं भी सामने आई हैं।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है। संत का पार्थिव शरीर आँजनौख गौशाला ले जाया जा रहा है, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग जुट रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस समय मथुरा के दौरे पर है जिसके मद्देनजर प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।






