इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक बड़ा और भावुक फैसला लिया है। इस बार IPL में ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। दरअसल, 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 19वें सीजन का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। हालांकि, इस बार मैच से पहले ओपनिंग सेरेमनी का आयोजन नहीं होगा।
BCCI ने यह निर्णय पिछले साल 4 जून 2025 को इसी स्टेडियम के बाहर हुई दर्दनाक घटना को ध्यान में रखते हुए लिया है। उस दिन RCB की विक्ट्री परेड के दौरान अचानक भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।
बोर्ड ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि इस दुखद घटना के प्रति सम्मान और मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए ही ओपनिंग सेरेमनी रद्द करने का फैसला लिया गया है। इस बार IPL की शुरुआत सादगी और संवेदनशीलता के साथ की जाएगी।






