Home Uttar Pradesh अम्बेडकर नगर के युवक को जॉर्डन के रास्ते युद्धग्रस्त इज़राइल से सकुशल...

अम्बेडकर नगर के युवक को जॉर्डन के रास्ते युद्धग्रस्त इज़राइल से सकुशल घर वापस लाया गया

46
0

इज़राइल के संघर्षग्रस्त नेटान्या शहर में फंसे अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश व जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की पहल पर जॉर्डन के रास्ते सकुशल वापस लाया गया है। अखिलेश कुमार इज़राइल में रोजगार हेतु गए थे, किन्तु वहां उनके नियोक्ता के असहयोग एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वह गंभीर मानसिक तनाव में आ गए और उनकी स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वह स्वयं लौटने में असमर्थ हो गए। इस दौरान उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च 2026 को आयोजित जनता दर्शन में उपस्थित होकर अपने पति की सुरक्षित वापसी हेतु अपील की।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा तत्काल इसकी जानकारी शासन को भेजी गई। मुख्यमंत्री के उच्चाधिकारियों को अखिलेश की सकुशल वापसी के निर्देश दिए। तब 28 मार्च 2026 को इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया। इसके साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव स्थित भारतीय राजदूत, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन स्थित भारतीय राजदूत एवं जॉर्डन प्रशासन से निरंतर उच्चस्तरीय समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पूरी प्रक्रिया को तीव्र गति से आगे बढ़ाया गया।

इसके बाद जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उन्हें अम्मान (जॉर्डन की राजधानी) पहुंचाया गया। वहां से अखिलेश कुमार ने 02 अप्रैल को रात्रि 20:40 बजे रॉयल जॉर्डनियन फ्लाइट पकड़ी और 03 अप्रैल 2026 को प्रातः 04:55 बजे सकुशल मुम्बई पहुंच गए। मुम्बई हवाई अड्डे पर रॉयल जॉर्डनियन के प्रतिनिधि ऋषभ सिंह ने अखिलेश कुमार को पूरी सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें एयर इंडिया स्टाफ को सुपुर्द कर दिया। इसके उपरांत एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-2491 द्वारा अखिलेश कुमार मुम्बई से लखनऊ पहुंच गए। इस दौरान भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा भी समुचित सहयोग प्रदान किया गया।

जिलाधिकारी ने इस सफल अभियान में सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश शासन, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, इज़राइल एवं जॉर्डन स्थित भारतीय दूतावासों, राजनयिक अधिकारियों, जॉर्डन प्रशासन, एयरलाइंस (रॉयल जॉर्डनियन एवं एयर इंडिया), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) एवं सभी संबंधित अधिकारियों का हार्दिक आभार जताया है।

अखिलेश कुमार ने कहा कि मैं अपने जीवन के अत्यंत कठिन और असहाय दौर से गुजर रहा था, जहां हर उम्मीद धुंधली होती जा रही थी। ऐसे समय में प्रदेश सरकार व जिलाधिकारी के निरंतर प्रयासों के कारण ही आज मैं सुरक्षित अपने परिवार के बीच उपस्थित हूं। इसके लिए मैं उनका आभारी हूं। किरण देवी ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जनता दर्शन में मेरी एक अपील को जिलाधिकारी महोदय ने जिस गंभीरता व प्राथमिकता से लिया, वह मेरे लिए आशा की किरण बना।

अखिलेश कुमार अब सकुशल अपने परिवार के साथ अम्बेडकर नगर के ग्राम हाजपुरा, तहसील जलालपुर पहुंच चुके हैं। खुशी का माहौल है। यह सफल अभियान योगी सरकार की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने वाली सोच, जिलाधिकारी की त्वरित एवं मानवीय पहल, जिला प्रशासन की सक्रियता तथा केंद्र सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय राजनयिक तंत्र के प्रभावी समन्वय का उत्तम उदाहरण है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here