Home Uttrakhand मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में लिया भाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने “स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में लिया भाग

27
0

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज बल्लूपुर चौक पर नगर निगम, देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना रहा। इस अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्य किए गए और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत किया गया। साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है, क्योंकि जब तक हर नागरिक स्वेच्छा से योगदान नहीं देगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं हो सकता।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने नगर निगम, देहरादून द्वारा किए गए इस अभियान की सराहना की और कहा कि इस तरह के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता निरंतर बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here