उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने एक संदिग्ध मामले का खुलासा करते हुए तीन युवकों और दो युवतियों को ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब हिंदू संगठनों की ओर से सूचना दी गई कि कुछ युवक युवतियों को बहला-फुसलाकर दूसरे शहर ले जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कैफियत एक्सप्रेस से गोरखपुर के रहने वाले तीन युवक दो युवतियों को अपने साथ लेकर दिल्ली जा रहे थे और आगे अजमेर शरीफ जाने की योजना थी। सूचना मिलने पर बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता आजमगढ़ स्टेशन पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पांचों लोगों को ट्रेन से उतारकर थाने ले गई। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दोनों युवतियों को उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि युवक अपनी पहचान छिपाकर युवतियों को कहीं ले जाने की कोशिश कर रहे थे। मामले में मानव तस्करी की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है, हालांकि अभी सभी पहलुओं पर जांच जारी है। वहीं, सूचना देने वाले संगठनों ने इस घटना को “लव जिहाद” से जोड़कर देखा है। इस पर पुलिस का कहना है कि फिलहाल तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






