देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि आजादी के बाद वे ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने देश को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर राज्यों, हिमालयी क्षेत्रों और दक्षिण भारत के बीच समन्वय मजबूत हुआ है।
उन्होंने काशी तमिल संगमम का उदाहरण देते हुए बताया कि इस आयोजन ने उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती दी है। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु से बड़ी संख्या में लोग काशी पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान हुआ।
धामी ने आगे कहा कि आज देशभर में विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाए जा रहे हैं, जिससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री की नीतियों पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन राज्यों में पहले भाजपा या एनडीए की सरकार नहीं थी, वहां भी अब जनता समर्थन देकर “डबल इंजन” सरकार बना रही है, जो विकास को गति देने में सहायक साबित हो रही है।






