राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की अमर काव्य कृति ‘रश्मिरथी’ के 75वें हीरक जयंती वर्ष और उनकी पुण्यतिथि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक भव्य तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन समावेशी, सांस्कृतिक और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत 24 अप्रैल को शाम 6 बजे ‘रश्मिरथी’ के भव्य मंचन से होगी, जिसमें कर्ण के संघर्ष, स्वाभिमान और वीरता की कथा जीवंत हो उठेगी। 25 अप्रैल को युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित नाटक और नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी, जो नई पीढ़ी में ऊर्जा और राष्ट्रभावना का संचार करेगी। 26 अप्रैल को स्वराज के प्रणेता लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक के जीवन पर आधारित मंचन होगा, वहीं शाम 7:30 बजे ‘अटल स्वरांजलि’ के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर विशेष नृत्य-नाटिका दर्शकों को भाव-विभोर करेगी।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जतरा हॉल में आयोजित इस समारोह में सुप्रसिद्ध चित्रकार सरदार मंजीत सिंह द्वारा दिनकर, विवेकानंद, तिलक और अटल जी के जीवन एवं साहित्य पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी। मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। आयोजन में प्रताप शाही, जयवीर सिंह और युवा नेता नीरज सिंह की भी विशेष भूमिका रहेगी।






