योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 23 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है और जनता के भीतर बदलाव की इच्छा साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में ही भाजपा करीब 80 फीसदी सीटें जीतने जा रही है। साथ ही कहा कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे तो पश्चिम बंगाल में भगवा लहराएगा और राज्य एक बार फिर “सोनार बांग्ला” के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
उन्होंने बड़ा बाजार क्षेत्र को व्यापार, साहित्य, कला और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र बताते हुए कहा कि यहां कालीबाड़ी मंदिर जैसी आस्था की जगहें भी हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र ने उन्हें जो ताकत दी है, उसका उपयोग सही तरीके से वोट देकर करें और बंगाल की अस्मिता की रक्षा करें।
सीएम योगी ने कहा कि भारत के निर्माण में बंगाल की धरती पर जन्मे महापुरुषों का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने रवींद्रनाथ ठाकुर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी कृति गीतांजलि को नोबेल पुरस्कार मिला, जो देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठाकुरबाड़ी जैसे ऐतिहासिक स्थल पर जहां महान विभूतियों की स्मृतियां होनी चाहिए थीं, वहां तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने कब्जा कर राजनीतिक प्रतीक स्थापित कर दिए, जो बंगाल की संस्कृति और पहचान का अपमान है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और प्रतिभाशाली युवाओं से समृद्ध बंगाल आज गलत नीतियों के कारण पिछड़ रहा है। उनके अनुसार, पहले कांग्रेस और फिर वामपंथी सरकारों ने राज्य को नुकसान पहुंचाया, और पिछले 15 वर्षों में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में हालात और बिगड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि हजारों उद्योग बंद हो गए और लाखों युवा बेरोजगार हो गए, लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही।
सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि बंगाल में अव्यवस्था, अवैध गतिविधियां और धार्मिक आयोजनों पर रोक जैसी स्थिति है। इसके विपरीत, उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब शांति और सुरक्षा का माहौल है, जहां सभी त्योहार खुले तौर पर मनाए जाते हैं और माफियाओं पर सख्त कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने माफियाओं द्वारा कब्जाई गई संपत्तियों को वापस लेकर गरीबों के लिए आवास बनाए हैं और धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का विकास किया है, जैसे अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज।
अपने संबोधन के अंत में सीएम योगी ने मतदाताओं से जोरासांको से विजय ओझा, मानिकतला से तापस रॉय, चौरंगी से संतोष पाठक, श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती, बेलेघाटा से पार्थ चौधरी और एंटाली से प्रियंका टिबरेवाल को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।






