Home Cricket IPL Indian Premier League आरसीबी-गुजरात की भिड़ंत आज, प्लेऑफ की दौड़ में हार-जीत तय करेगी किस्मत

आरसीबी-गुजरात की भिड़ंत आज, प्लेऑफ की दौड़ में हार-जीत तय करेगी किस्मत

58
0

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स के बीच होने वाला मुकाबला अब बेहद अहम हो गया है। प्लेऑफ की दौड़ तेज होने के साथ ही दोनों टीमों के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसी स्थिति लेता जा रहा है।

आरसीबी को अपने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि गुजरात टाइटन्स मुंबई इंडियंस के सामने महज 100 रन पर सिमट गई थी। ऐसे में दोनों टीमें जीत की राह पर लौटने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

अंक तालिका में आरसीबी 8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, लेकिन दबाव लगातार बढ़ रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद भी 8 अंकों के साथ बराबरी पर है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स 6-6 अंकों के साथ प्लेऑफ की रेस को और कड़ा बना रहे हैं। ऐसे में अब हर मुकाबला निर्णायक बन चुका है।

पिछली हार के बाद आरसीबी की लय पर असर पड़ा है और टीम पर दबाव साफ नजर आ रहा है। आने वाले ज्यादातर मैच बाहर के मैदानों पर होने हैं, जिससे घरेलू बढ़त सीमित होती जा रही है। ऐसे में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला टीम के लिए बेहद खास है, जिसे वह जीत के साथ यादगार बनाना चाहेगी।

बल्लेबाजी में आरसीबी को विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार और टिम डेविड से बड़े प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं गेंदबाजी में जिम्मेदारी जॉश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार के कंधों पर रहेगी।

दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स की ताकत भी उसकी बल्लेबाजी है। टीम में शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर और ग्लेन फिलिप्स जैसे धुरंधर शामिल हैं, जो किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं। कुल मिलाकर, आज का यह मुकाबला दोनों टीमों के बीच कड़ी और रोमांचक टक्कर का गवाह बन सकता है, जहां एक जीत प्लेऑफ की उम्मीदों को मजबूती देगी, तो हार बड़ा झटका साबित हो सकती है।