मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। ऊर्जा मंत्री A.K. Sharma ने घोषणा की है कि 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस नेगेटिव हो।
इसके साथ ही 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं का कनेक्शन 200 रुपये तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा। सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए 5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम भी लागू किया है, जिसके तहत कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को पांच बार सूचना देना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें समय रहते भुगतान का मौका मिल सके।

ऊर्जा विभाग ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में एक माह की अवधि पूरी होने से पहले कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यह निर्णय उपभोक्ताओं की सुविधा और राहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
वहीं भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशभर में बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अनुरक्षण कार्य तेज करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि प्रदेश में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम हुआ है। अब तक करीब 30 लाख नए बिजली खंभे लगाए जा चुके हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है। सरकार का दावा है कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है और गर्मी के दौरान भी उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।






