Home Accident तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, होमगार्ड समेत...

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो के उड़े परखच्चे, होमगार्ड समेत 3 की मौत

10
0

जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र के पास पुलिया के नजदीक सुबह करीब 4 बजे सवारियों से भरा एक ऑटो रिक्शा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे खाई में जा पलटा।

हादसे में एक होमगार्ड समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान सोहंसा निवासी 52 वर्षीय प्रमोद मिश्रा (होमगार्ड), धौरहरा निवासी 53 वर्षीय शिव शंकर शर्मा और गंगापुर (मछलीशहर) निवासी 41 वर्षीय बरसाती के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक मछलीशहर बस स्टैंड से छह सवारियां लेकर मुंगरा बादशाहपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही ऑटो सतहरिया इंडस्ट्रियल एरिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घायलों में नंदापुर निवासी राकेश बिंद (42), धौरहरा निवासी प्रणव पांडेय (19) और कताहित खास निवासी अजीत यादव (21) शामिल हैं। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद प्रणव पांडेय और अजीत यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि मृत होमगार्ड के भतीजे की बारात आज ही जानी थी, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here