Home Breaking News विभूतिखंड में निर्माणाधीन बिल्डिंग हादसा, मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत

विभूतिखंड में निर्माणाधीन बिल्डिंग हादसा, मिट्टी धंसने से एक मजदूर की मौत

151
0

लखनऊ। राजधानी के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। समिट चौकी क्षेत्र के एनटीपीसी भवन के सामने आईजीपी रोड स्थित एक निर्माणाधीन व्यवसायिक भवन के बेसमेंट में काम के दौरान अचानक किनारे की मिट्टी धंस गई। हादसे के समय बेसमेंट में कई मजदूर काम कर रहे थे, जो मिट्टी में दब गए।

मौके पर मचा हड़कंप

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विभूतिखंड, चौकी प्रभारी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और SDRF टीम को बुलाया गया।

संयुक्त टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

पुलिस, फायर ब्रिगेड और SDRF की संयुक्त टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मिट्टी में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया भेजा गया।

एक मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

अस्पताल में डॉक्टरों ने बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र स्थित अमोली कीरतपुर गांव निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मी शंकर अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाराबंकी के सफदरजंग थाना क्षेत्र के भीकम पट्टी गांव निवासी तुलसी राम गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है।