जालौन जिले के विकास खंड जालौन के ग्राम पहाड़पुरा में आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम जनविश्वास और जनभागीदारी का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। उत्तर प्रदेश शासन के नोडल अधिकारी एवं कृषि सचिव इन्द्र विक्रम सिंह ने गांव पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनके क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति का आकलन किया।
कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौके पर ही स्थलीय सत्यापन कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति को परखा।

जनचौपाल में सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिली। नोडल अधिकारी ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पौष्टिक आहार वितरित किया। इस पहल से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।इस दौरान उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार नागरिकों के जन्म से लेकर बुजुर्ग अवस्था तक समग्र कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री को आवश्यक बताते हुए जल्द से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की। साथ ही जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह भी दी।जनचौपाल में कृषि फीडर पर कम बिजली आपूर्ति की शिकायत सामने आने पर तत्काल जांच कराई गई, जिसमें आपूर्ति नियमित पाई गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






