Home Accident शादी की खुशियां मातम में बदलीं: भाई की शादी के अगले दिन...

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: भाई की शादी के अगले दिन ग्राम प्रधान की सड़क हादसे में मौत

11
0

जालौन में दर्दनाक सड़क हादसा, छोटे भाई की शादी के अगले ही दिन ग्राम प्रधान की मौत, कार नीम के पेड़ से टकराई, शादी की खुशियां मातम में बदलीं ।जालौन के कोटरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में कुरकुरु गांव के युवा ग्राम प्रधान 31 बर्षीय प्रवीण कुशवाहा उर्फ ओपी की मौत हो गई। हादसा ऐसे समय हुआ जब परिवार में छोटे भाई की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। अचानक आई इस दुखद खबर से शादी का माहौल मातम में बदल गया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम प्रधान प्रवीण कुशवाहा के छोटे भाई सत्यम कुशवाहा की शादी एट कस्बे स्थित अवध पैलेस गेस्ट हाउस में संपन्न हुई थी। गुरुवार रात बारात धूमधाम से पहुंची थी और देर रात तक शादी की सभी रस्में खुशी-खुशी पूरी हुई थीं। परिवार और रिश्तेदार जश्न के माहौल में थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब सात बजे प्रवीण कुशवाहा की मां माया देवी ने गांव स्थित घर के सबमर्सिबल खराब होने की सूचना दी। इस पर प्रवीण तुरंत कार लेकर गांव के लिए रवाना हो गए। रास्ते में अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े नीम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे प्रवीण को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज झांसी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ALSO READ:बिहार मंत्रिमंडल पर बढ़ी चर्चा! संजय झा–नितिन नवीन की मुलाकात में क्या हुआ, JDU नेता ने खुद किया खुलासा

जैसे ही ग्राम प्रधान की मौत की खबर शादी समारोह स्थल तक पहुंची, वहां मौजूद परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। जहां कुछ घंटे पहले तक बधाइयों और खुशियों का माहौल था, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। मृतक अपने पीछे पत्नी उर्मिला, माता-पिता और अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। पिता शंभू दयाल और पत्नी उर्मिला का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।सूचना मिलने पर एट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ग्राम प्रधान प्रवीण कुशवाहा की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here