Home Uncategorized जमीन विवाद में आमने-सामने आए दो विधायक परिवार, शिकायत के बाद मौके...

जमीन विवाद में आमने-सामने आए दो विधायक परिवार, शिकायत के बाद मौके पर पुलिस तैनात

12
0

जिले में जमीन विवाद को लेकर अब तक जहां भू-माफियाओं का दबदबा देखा जाता था, वहीं अब सत्ता पक्ष के दो विधायक परिवार आमने-सामने आ गए हैं। मामला तूल पकड़ता जा रहा है और दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

मोहान विधानसभा क्षेत्र से विधायक ब्रजेश रावत के भाई राजेश रावत ने सदर विधायक पंकज गुप्ता और उनकी बहन दीप्ति गुप्ता के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दीप्ति गुप्ता ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर विवादित जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि उक्त जमीन को लेकर पहले से ही दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। ब्रजेश रावत का कहना है कि यह जमीन उनके नाना-नानी द्वारा दी गई थी, जिसमें उनके परिवार के सभी सदस्यों का हिस्सा है। वहीं, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोस की जमीन की आड़ में बार-बार कब्जे की कोशिश की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक ब्रजेश रावत मौके पर पहुंचे और बुलडोजर से लगाए गए पिलरों को गिरवा दिया। इसके बाद उन्होंने जिला अधिकारी धनश्याम मीणा से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह भी मौजूद रहीं।

वहीं, सदर विधायक पंकज गुप्ता ने इस मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा कि वह मौके पर नहीं गए थे और यह उनकी बहन का निजी मामला है। उन्होंने कहा कि जमीन की पैमाइश कराकर जिसका जितना हिस्सा है, उसे दे दिया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके खिलाफ शिकायत की गई है, तो वह भी अपनी बहन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएंगे।

फिलहाल, कोतवाली पुलिस ने एहतियातन मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here