योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोला साथ ही NDA की बड़ी जीत का दावा किया।
लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब पूरे देश का फोकस उत्तर प्रदेश पर होगा और आने वाले चुनावों में एनडीए गठबंधन 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगा।
राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि “ममता दीदी के भाई अखिलेश यादव और भी गजब हैं।” उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर अखिलेश यादव बंगाल जाएं तो “झालमुरी खाकर आइएगा।”
उन्होंने सपा के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण पर भी सवाल उठाए। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव बार-बार पीडीए की परिभाषा बदल रहे हैं और उनका यह समीकरण केवल डिंपल यादव और शिवपाल यादव तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान सड़क निर्माण जैसे विकास कार्यों में भी भ्रष्टाचार हुआ और जनता के पैसे का दुरुपयोग किया गया।

राजभर ने विपक्षी गठजोड़ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “टीपू भैया और पप्पू भैया मिलकर सिर्फ ख्वाब देख रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में माफिया के खत्म होने का मतलब सपा का खत्म होना है। प्रेस वार्ता में उन्होंने दावा किया कि बंगाल के हालात देखने के बाद सपा के कई कार्यकर्ता भी अब उनके साथ जुड़ने को तैयार हैं। उन्होंने खुला आह्वान करते हुए कहा कि “जो वसूलीबाज नहीं हैं, वे सपाई हमारे साथ आ जाएं।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब लंबे समय तक वसूली की राजनीति का दौर खत्म होने वाला है।
राजभर ने चुनावी हार पर विपक्ष के रवैये को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि “जहां ये हारते हैं, वहीं गड़बड़ी का आरोप लगाने लगते हैं।” उन्होंने विपक्ष पर संविधान और पिछड़ों के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।उन्होंने दावा किया कि सपा के राष्ट्रीय सचिव जावेद आलम उनके संपर्क में हैं और जल्द ही उनके साथ जुड़ सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग भी अब उनके साथ आ रहे हैं।
अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने के सपने पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि “दगे कारतूस इकट्ठा कर गोली नहीं चलाई जा सकती।” उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगाल चुनाव परिणाम के दिन अखिलेश यादव “चार घंटे तक बेहोश बैठे थे।”
राजभर ने बंगाल चुनाव को लेकर गंभीर आरोप भी लगाए और कहा कि “कोयला घोटाले के पैसे से वहां चुनाव मैनेजमेंट किया गया।” हालांकि, उन्होंने पश्चिम बंगाल में हुई अराजक घटनाओं की निंदा भी की।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने एक अलग मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि “विपक्ष केवल नॉनवेज खाता है, इसलिए सवाल उठाता है,” और जोड़ा कि “व्यंजन ऐसा होना चाहिए जिसे पूरा देश खा सके।”कुल मिलाकर, इस प्रेस वार्ता के जरिए ओम प्रकाश राजभर ने जहां एनडीए की मजबूती का दावा किया, वहीं विपक्ष पर तीखे हमलों के जरिए आगामी चुनावी मुकाबले की सियासी तस्वीर भी साफ कर दी।






