यूपी के जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार द्वारा मंदिर की दीवार पर सुसाइड नोट लिखकर कुएं में कूदकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 57 वर्षीय मनोज कुमार हिंगवासिया के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिवार ने पुलिस कार्रवाई, सामाजिक बेइज्जती और मानसिक प्रताड़ना को आत्महत्या की वजह बताया है।

जानकारी के अनुसार, मनोज हिंगवासिया प्रतापनगर के पास रहते थे और लबली चौराहे पर इलेक्ट्रॉनिक एवं कन्फेक्शनरी की दुकान चलाते थे। कुछ समय पहले उनका स्थानीय “राजा नमकीन” से जुड़े लोगों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट की गई और उन्हें जूते-चप्पलों से पीटा गया था।
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद मनोज न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे थे, लेकिन कार्रवाई होने के बजाय पुलिस ने उल्टा उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। इसी बात से वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
ALSO READ:DMK-कांग्रेस रिश्तों में बढ़ी दूरी? कनिमोझी के पत्र से विपक्षी राजनीति में हलचल

मृतक के बेटे प्रखर हिंगवासिया ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष लगातार समझौते का दबाव बना रहा था। उनसे पैसे देने की बात कही जाती थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके पिता काफी परेशान रहने लगे थे। परिवार का दावा है कि जिस दिन विवाद हुआ था, उस दौरान विपक्षी पक्ष के बेटे और उसकी पत्नी समेत तीन लोगों ने मनोज के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। परिजनों के मुताबिक पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे मनोज अंदर ही अंदर टूट गए थे।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच मनोज घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें वह कैलिया बाईपास की ओर जाते दिखाई दिए। तलाश करते हुए परिवार के लोग खेत में बने शंकर जी के मंदिर तक पहुंचे। वहां मंदिर के पास बने कुएं के बाहर मनोज के कपड़े, चप्पल, छड़ी और पानी की बोतल मिली। इसी दौरान मंदिर की दीवार पर पेन से लिखा एक सुसाइड नोट भी मिला।

कुएं के पास बने मंदिर की दीवार पर लिखे कथित सुसाइड नोट में मनोज ने लिखा- मेरा नाम मनोज कुमार हिंगवासिया है। मेरे साथ मारपीट की गई और मेरी बेइज्जती की गई। राजा नाम के युवक ने मेरे सिर पर चप्पल मारी थी। इससे मेरी मानसिक स्थिति बहुत खराब हो गई है। इसलिए मैं आत्महत्या कर रहा हूं।
सुसाइड नोट मिलने के बाद आशंका जताई गई कि उन्होंने कुएं में छलांग लगा दी है। सूचना पर डायल-112 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद कुएं से शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने कहा कि परिजनों द्वारा पुलिस और पड़ोसी पर लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






