उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टर वार तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा के समर्थन में आए विधायक मनोज पांडे को मंत्री बनाए जाने के बाद अब बाकी बागी विधायकों को लेकर सियासी चर्चाएं गर्म हैं।
इसी बीच समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगा एक होर्डिंग राजनीतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बन गया है। इस पोस्टर में अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह और पूजा पाल की तस्वीरें लगाई गई हैं। पोस्टर में तंज कसते हुए लिखा गया है — “ना कैबिनेट मिला, ना स्वतंत्र प्रभार… 2027 में होगी सबसे बड़ी हार।”
पार्टी कार्यालय के बाहर यह पोस्टर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव विवेक सिंह और अभिषेक यादव द्वारा लगवाया गया है। माना जा रहा है कि योगी मंत्रिमंडल विस्तार में सपा से बगावत करने वाले कई विधायकों को जगह न मिलने के बाद यह राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की गई है। पोस्टर सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत में नई बहस छिड़ गई है। माना यह जा रहा है कि समाजवादी पार्टी की तरफ से बागी विधायकों को ही संदेश देने की कोशिश की जा रही है।






