आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की छात्र विंग A द्वारा बुधवार को NEET 2026 पेपर लीक मामले के विरोध में राजधानी लखनऊ के जीपीओ कार्यालय, हजरतगंज के निकट जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान आप छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया। पुलिस द्वारा प्रदर्शन रोकने की कोशिश के दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
इस अवसर पर छात्रविंग के प्रदेश महासचिव अनित रावत ने कहा कि NEET जैसी देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक होना केवल एक परीक्षा में गड़बड़ी नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों के सपनों और भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र दिन-रात मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, अभिभावक अपनी जीवनभर की कमाई बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार शिक्षा माफियाओं के सामने पूरी तरह नतमस्तक दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि केंद्र और राज्य सरकारें परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह असफल रही हैं। भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही, ऊपर से जो परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं उनमें भी भ्रष्टाचार और धांधली का बोलबाला है।
अनित रावत ने कहा कि आज देश का युवा गुस्से में है क्योंकि उसकी मेहनत का कोई मूल्य नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक ने लाखों छात्रों का मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया है और उनमें गहरा अवसाद एवं असुरक्षा पैदा की है। सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर बिल्कुल संवेदनहीन हो चुकी है।
उन्होंने मांग की कि NEET 2026 पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए और इसमें शामिल माफियाओं, अधिकारियों एवं राजनीतिक संरक्षण देने वालों पर गैंगस्टर एक्ट और NSA जैसी कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस नीति लागू की जाए ताकि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।
अनित रावत ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों और न्याय की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से सड़कों पर उतरते हैं तो सरकार पुलिस के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि यह युवाओं की आवाज को कुचलने का प्रयास है जिसे आम आदमी पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।






