हरिद्वार के बुग्गावाला क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम महिला ने कथित तौर पर तीन तलाक और हलाला जैसी प्रथाओं के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की है, इस पूरे मामले में समाजसेवी अली खान ने पीड़िता का साथ दिया है और अब यह विवाद उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता (UCC) के तहत कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है।
तीन तलाक देकर घर से निकाला गया
जानकारी के अनुसार, पीड़िता को उसके पति मोहम्मद दानिश ने कथित रूप से तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया था, इसके बाद महिला मानसिक और सामाजिक रूप से बेहद कठिन स्थिति में आ गई, इसी दौरान वह अपने भाई के साथ समाजसेवी अली खान के पास पहुंची और पूरी घटना साझा की।
हलाला की शर्त पर भड़का विवाद
समाजसेवी अली खान के अनुसार, जब उन्होंने महिला के पति से संपर्क किया तो उसने कथित रूप से हलाला की शर्त रख दी, इस पर अली खान ने नाराजगी जताते हुए इसे महिला अधिकारों के खिलाफ बताया और इस मामले को कानूनी रूप से लड़ने का निर्णय लिया, उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में लागू समान नागरिक संहिता के तहत तीन तलाक को मान्यता नहीं है और कानून महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करता है।
UCC के तहत शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़िता और समाजसेवी ने UCC के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मनु गौड़ से संपर्क किया, इसके बाद पुलिस और प्रशासन को पूरे मामले की जानकारी दी गई, जांच के बाद पुलिस ने मोहम्मद दानिश सहित कुल नौ आरोपितों के खिलाफ हलाला से जुड़े मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है, इसे उत्तराखंड में UCC लागू होने के बाद एक महत्वपूर्ण कानूनी कदम माना जा रहा है।
महिलाओं के अधिकारों को लेकर जागरूकता की अपील
समाजसेवी अली खान ने कहा कि आज भी कई महिलाएं अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी के अभाव में अन्याय सहने को मजबूर हैं, उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है और महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए आगे आना चाहिए।
पृष्ठभूमि और सामाजिक जुड़ाव
जानकारी के अनुसार, अली खान का परिवार अफगानिस्तान से कई वर्ष पहले देहरादून आया था और तब से कृषि एवं सामाजिक कार्यों से जुड़ा हुआ है, वे लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता और जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं, यह मामला न केवल एक व्यक्तिगत विवाद के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि UCC के तहत महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण भी माना जा रहा है।






