हरिद्वार में गंगा में विलीन हुए प्रतीक यादव, अस्थि विसर्जन के दौरान भावुक हुईं अपर्णा यादव
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संरक्षक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे विधि-विधान और सनातन परंपराओं के अनुसार गंगा में विसर्जन किया गया, इस दौरान घाट का माहौल बेहद भावुक रहा और परिवार के सदस्य नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते नजर आए।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अस्थि विसर्जन
तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया, मां गंगा के तट पर प्रतीक यादव की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई और पूरे श्रद्धा भाव के साथ अस्थियों को गंगा में प्रवाहित किया गया।
अपर्णा यादव और बेटियां रहीं मौजूद
प्रतीक यादव की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव अपनी बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार पहुंचीं, उनके साथ अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन सिंह बिष्ट भी मौजूद रहे, परिवार देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे हरिद्वार के वीआईपी घाट पहुंचा, अस्थि विसर्जन के दौरान अपर्णा यादव बेहद भावुक नजर आईं। परिवार के सदस्यों ने नम आंखों से प्रतीक यादव को अंतिम विदाई दी।
बाबा रामदेव ने दी सांत्वना
इस दुखद अवसर पर योगगुरु बाबा रामदेव भी विशेष रूप से हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने परिवार के साथ मिलकर अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया में भाग लिया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी, बाबा रामदेव ने अपर्णा यादव और उनकी बेटियों को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की, इस दौरान नेताजी मुलायम सिंह यादव के कई पुराने समर्थक और कार्यकर्ता भी घाट पर मौजूद रहे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
Also Read – परिषदीय बच्चों को आधुनिक विज्ञान शिक्षा से जोड़ रही योगी सरकार
13 मई को हुआ था निधन
प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में कार्डियो-रेस्पिरेटरी कोलैप्स के कारण अचानक निधन हो गया था, बताया गया कि फेफड़ों में खून का थक्का जमने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी थी, उनके असामयिक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
राजनीति से दूर रखते थे खुद को
महज 38 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले प्रतीक यादव ने हमेशा खुद को सक्रिय राजनीति से दूर रखा, उन्होंने इंग्लैंड की लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA की पढ़ाई की थी और लखनऊ में रियल एस्टेट व फिटनेस से जुड़े व्यवसाय का संचालन करते थे।
फिटनेस के प्रति उनके जुनून और सरल व्यक्तित्व के कारण वे सामाजिक हलकों में काफी लोकप्रिय थे, उनके निधन से यादव परिवार सहित प्रदेश की राजनीति में गहरा शोक है।
