मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव से काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की पहचान उसका राष्ट्रवादी और भारतीयता से प्रेरित आचरण है। सहजनवा विधानसभा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के पास आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को जोड़ने वाली देश की एकमात्र पार्टी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों के अनुरूप भाजपा कार्यकर्ता देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य करता है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति करने वाले दलों को समाज सम्मान नहीं देता, जबकि भाजपा कार्यकर्ता को उसके राष्ट्रवादी दृष्टिकोण और पारदर्शी कार्यशैली के कारण सम्मान मिलता है। ‘भाजपा का इतिहास और विकास’ विषय पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि भाजपा ने 50 वर्ष से भी कम समय में दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने हमेशा “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति हित अंतिम” की विचारधारा को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेताओं ने राष्ट्रवाद और अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के उत्थान की विचारधारा को मजबूत किया, जिसे आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान लागू होने के तुरंत बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति शुरू कर दी थी। उन्होंने कश्मीर में धारा 370 और परमिट सिस्टम लागू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके विरोध में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा और जनसंघ की स्थापना राष्ट्रवाद और भारतीय संस्कृति की रक्षा के उद्देश्य से हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे “राष्ट्र मंदिर” बताते हुए कहा कि यह भारत की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का प्रतीक है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत बूथ पर छिपी होती है और चुनाव का केंद्र बिंदु बूथ ही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार बूथ सशक्तिकरण पर जोर देते हैं और “बूथ जीता तो चुनाव जीता” का मंत्र देते हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और गोरखपुर के विकास मॉडल को प्रदर्शित किया गया।





