रामपुर में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पिछले 15 दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 25 अवैध स्वास्थ्य केंद्रों को सील किया है। विभाग की इस सख्ती से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
रामपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लगातार छापेमारी अभियान चलाया। नोडल अधिकारियों की टीमों ने बिना पंजीकरण और बिना मानकों के संचालित हो रहे नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब और अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की।
जांच के दौरान कई केंद्रों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। कहीं जरूरी दस्तावेज नहीं मिले तो कहीं बिना अनुमति के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 25 अवैध स्वास्थ्य केंद्रों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
डॉ. दीपा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी का बयान

अवैध नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब और अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जो भी बिना मानकों के संचालन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में दोबारा अवैध तरीके से संचालन न हो सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि बीते 15 दिनों में 25 अवैध स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने साफ कहा कि लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों में हड़कंप का माहौल है। विभाग का कहना है कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और बिना मानकों के चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध स्वास्थ्य केंद्र संचालकों में डर का माहौल है। अब देखना होगा कि विभाग का यह अभियान आगे और कितने अवैध क्लीनिकों पर शिकंजा कसता है।






