उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपये कीमत का 604 किलो गांजा बरामद करते हुए चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कोइरौना थाना क्षेत्र में की गई, जहां कंटेनर और कार के जरिए गांजे की बड़ी खेप लाई जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर भदोही और आसपास के जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोइरौना थाना क्षेत्र के भावापुर इलाके में घेराबंदी कर एक कंटेनर और एक कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहनों से कुल 604 किलो गांजा बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग का सरगना त्रिशूल जायसवाल प्रयागराज का निवासी बताया जा रहा है, जबकि बाबूराम मौर्य आजमगढ़ और सुरेन व मोंटू उड़ीसा के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी गांजा तस्करी के मामलों में शामिल रहे हैं। यह गिरोह उड़ीसा से गांजे की खेप लाकर भदोही समेत पूर्वांचल के कई जिलों में सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






