रायबरेली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गाँधी द्वारा दिए गए बयान पर सियासत गरमा गई है। राहुल गांधी के बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस पर हमलावर है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी , केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को ‘गद्दार’ कहना अक्षम्य अपराध है। उन्होंने कहा कि देश नक्सलवाद से तो काफी हद तक मुक्त हो चुका है, लेकिन राजनीति में छिपा ‘अर्बन नक्सलवाद’ आज भी लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है। ऐसे लोगों और विचारधाराओं का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना जरूरी है।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि लोकतंत्र की आड़ में सेना, संवैधानिक संस्थाओं और राष्ट्रवादी विचारधारा को बदनाम करने की मानसिकता को देश की जनता पहले ही आईना दिखा चुकी है। जनता ऐसे बयानों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
अपने पोस्ट के अंत में केशव मौर्य ने लिखा, “पहले राष्ट्र, फिर राजनीति।” राहुल गांधी के बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जहां इसे राष्ट्र और राष्ट्रवादी संगठनों का अपमान बता रही है, वहीं कांग्रेस इस पूरे मामले को राजनीतिक बयानबाजी करार दे रही है।






