उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। भवाली क्षेत्र के सेनेटोरियम–रातीघाट बायपास रोड पर एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UP 32 QU 1874 में पांच लोग सवार थे। गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस, SDRF और राहत-बचाव टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। स्थानीय पुलिस, SDRF और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
हादसे में दो पुरुष, दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा पुलिस बल के साथ मौजूद रहे तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।






