भीषण गर्मी का प्रकोप इंसान ही नहीं पशु-पक्षियों पर भी भारी पड़ रहा है। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में लगातार बढ़ रही गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हमीरपुर जनपद में तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आ रहे हैं।

ऐसा ही एक मार्मिक नजारा हमीरपुर की कचहरी परिसर में देखने को मिला, जहां भीषण गर्मी और लू के चलते पेड़ों पर उल्टा लटका रहने वाला एक चमगादड़ अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने जब चमगादड़ को तड़पते देखा तो उसकी मदद के लिए आगे आए।

कचहरी परिसर में मौजूद वकीलों ने पहले चमगादड़ के आसपास बोतल से पानी फैलाया। प्यास और गर्मी से बेहाल चमगादड़ ने धीरे-धीरे पानी चाटना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद उसके शरीर में हरकत बढ़ी और राहत मिलने पर वह दोबारा उड़कर आसमान की ओर चला गया।इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग भीषण गर्मी के असर का अंदाजा लगा रहे हैं। सूरज निकलते ही आग बरसने जैसी स्थिति बन रही है, वहीं गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।
ALSO READ:देवरिया में सीएम योगी ने ₹655 करोड़ की 19 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
जहां इंसान खुद को गर्मी से बचाने के लिए तमाम उपाय कर रहा है, वहीं पशु-पक्षियों के लिए हालात बेहद गंभीर होते जा रहे हैं। पेड़ों और आसमान में रहने वाले पक्षी और जीव भी इस भीषण गर्मी की चपेट में आ रहे हैं।फिलहाल हमीरपुर का यह वीडियो लोगों को एक बड़ा संदेश दे रहा है कि इस भीषण गर्मी में इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों का भी ख्याल रखना बेहद जरूरी है।






