
उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और अब 25 मई से शुरू होने जा रहा है नौतपा। यानी साल के वो 9 दिन, जब सूरज की तपिश अपने चरम पर होती है। इस बार नौतपा 25 मई से 2 जून तक रहेगा और मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस दौरान तेज लू, झुलसा देने वाली धूप और बढ़ता तापमान लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर इस भीषण गर्मी में खुद को कैसे सुरक्षित रखा जाए? एक्सपर्ट्स का कहना है कि नौतपा के दौरान सही खान-पान ही सबसे बड़ी ढाल बन सकता है। सबसे पहले बात उन चीजों की जो आपको इस गर्मी में जरूर खानी चाहिए। अपनी डाइट में तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी और संतरे जैसे पानी से भरपूर फल जरूर शामिल करें।
वहीं लौकी, तोरई, कद्दू और टिंडा जैसी हल्की हरी सब्जियां शरीर को ठंडक देती हैं और पाचन भी सही रखती हैं। देसी ड्रिंक्स इस मौसम में किसी अमृत से कम नहीं हैं। पुदीना और भुने जीरे वाली छाछ, दही, आम पन्ना, सत्तू का शरबत, नारियल पानी और नींबू पानी शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखते हैं और लू से बचाने में मदद करते हैं। खाने में हल्का भोजन सबसे बेहतर माना गया है। मूंग दाल की खिचड़ी, दाल-चावल, दलिया और हरी सब्जियों के साथ पतली रोटी शरीर को ऊर्जा भी देती है और पेट पर भारी भी नहीं पड़ती।
अब बात उन चीजों की जिनसे इस दौरान दूरी बनाना बेहद जरूरी है। ज्यादा मसालेदार, तला-भुना और प्रोसेस्ड फूड शरीर की गर्मी बढ़ाता है। चाय और कॉफी का ज्यादा सेवन शरीर में पानी की कमी कर सकता है। वहीं ज्यादा मीठे सॉफ्ट ड्रिंक्स और शराब डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ाते हैं। एक्सपर्ट्स बासी और खुले खाने से भी बचने की सलाह दे रहे हैं, क्योंकि गर्मी में खाना जल्दी खराब हो जाता है। और सबसे जरूरी बात प्यास लगने का इंतजार मत कीजिए। हर थोड़ी देर में पानी पीते रहिए और दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचिए। यानि अगर सही खान-पान और थोड़ी सावधानी रखी जाए… तो नौतपा की भीषण गर्मी को भी आसानी से मात दी जा सकती है।”





