बाराबंकी जनपद के फतेहपुर क्षेत्र स्थित झांसा गांव में तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से एक पिता एवं तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मृत्यु की घटना पर आम आदमी पार्टी के उप प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती के कारण परिवार घर के बाहर सोने को मजबूर था, तभी तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया। यह घटना बेहद दुखद, हृदयविदारक और प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाने वाली है।
सोमवार को आम आदमी पार्टी बाराबंकी के जिला अध्यक्ष जुगराज सिंह के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। स्वयं सांसद संजय सिंह ने भी फोन पर पीड़ित परिवार से बात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
संजय सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। सांसद संजय सिंह ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।





