इन दिनों अभिनेत्री Ananya Panday अपनी हालिया रिलीज रोमांटिक ड्रामा फिल्म Chaand Mera Dil को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। फिल्म में पहली बार उनकी जोड़ी अभिनेता Lakshya के साथ नजर आई है। हालांकि फिल्म से ज्यादा सोशल मीडिया पर अनन्या का भरतनाट्यम फ्यूजन डांस चर्चा और विवाद का विषय बन गया है। इंटरनेट पर कई यूजर्स उनके डांस को लेकर लगातार आलोचना कर रहे हैं और उन्हें “नेपो नाट्यम” जैसे शब्दों से ट्रोल किया जा रहा है।
इस बीच मशहूर लेखिका और कॉलमनिस्ट Shobhaa De अनन्या पांडे के समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने अभिनेत्री का बचाव करते हुए सवाल उठाया कि पूरी आलोचना सिर्फ अनन्या पर ही क्यों केंद्रित की जा रही है, जबकि किसी भी डांस सीक्वेंस के पीछे निर्देशक और कोरियोग्राफर की भी अहम भूमिका होती है।
Also Read- संजय कपूर की संपत्ति विवाद में नया मोड़, बच्चों की पढ़ाई के खर्च के लिए कोर्ट पहुंचीं प्रिया कपूर
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शोभा डे ने कहा कि अनन्या पांडे कोई प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर नहीं हैं। इसके बावजूद उन्होंने फिल्म की मांग के अनुसार परफॉर्म करने की कोशिश की है। शोभा ने कहा, “अगर किसी की आलोचना करनी है तो सिर्फ अनन्या को ही क्यों? निर्देशक और कोरियोग्राफर से सवाल क्यों नहीं पूछे जा रहे? उन्हें अकेले निशाना बनाना ठीक नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज के युवा कलाकारों पर हर तरह के प्रदर्शन का भारी दबाव रहता है। कई अभिनेता क्लासिकल डांस में प्रशिक्षित नहीं होते, लेकिन फिल्मों में उनसे क्लासिकल, फ्यूजन और मॉडर्न डांस सब कुछ करने की अपेक्षा की जाती है। शोभा डे के मुताबिक, दर्शक अक्सर अंतिम परिणाम देखते हैं, लेकिन कलाकारों की मेहनत और दबाव को नजरअंदाज कर देते हैं।
शोभा डे ने कहा, “उन्होंने डांस किया, एक्सप्रेशन दिए, लिप-सिंक किया और पूरी कोशिश की। यह सब आसान नहीं होता। हॉलीवुड के कितने बड़े स्टार्स से ऐसी अपेक्षा की जाती है कि वे अभिनय के साथ हर तरह का डांस भी परफेक्ट करें?”
उन्होंने “नेपो नाट्यम” जैसे शब्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। शोभा ने कहा कि यह सुनने में भले मजाकिया लगे, लेकिन लगातार ट्रोलिंग किसी भी कलाकार के लिए मुश्किल हो सकती है। उन्होंने कहा कि अनन्या ने कम से कम कोशिश तो की है और लोगों को सिर्फ आलोचना करने के बजाय प्रयास को भी देखना चाहिए।
इस विवाद के बीच अनन्या के पिता और अभिनेता Chunky Pandey भी बेटी के समर्थन में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने इस पूरे डांस सीक्वेंस को गलत तरीके से समझ लिया है और बिना पूरी बात जाने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिल्म Chaand Mera Dil में अनन्या और लक्ष्य की केमिस्ट्री को दर्शकों से मिश्रित प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं सोशल मीडिया पर जारी बहस ने एक बार फिर बॉलीवुड में नेपोटिज्म, ट्रोलिंग और कलाकारों पर बढ़ते दबाव को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।






