Home Uttar Pradesh अब खुली जीप में पिस्टल लहराकर हिंदुओं को कोई नहीं धमका सकता-सीएम...

अब खुली जीप में पिस्टल लहराकर हिंदुओं को कोई नहीं धमका सकता-सीएम योगी

36
0

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ के गांधी मैदान से माफिया और गुंडों पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया या गुंडे में इतना दुस्साहस नहीं बचा कि वह त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में उपद्रव कर सके। उन्होंने साफ कहा कि अब कोई माफिया खुली जीप में पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका नहीं सकता।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मऊ में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मऊ को क्रांतिधरा बताते हुए साहित्यकार श्याम नारायण पांडेय, स्वामी सहजानंद सरस्वती, पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय और पूर्व राज्यपाल फागू चौहान को याद किया। साथ ही भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया।

सीएम योगी ने कहा कि अच्छी सरकार बिना भेदभाव के विकास करती है। सड़क, पुल, अस्पताल और बाढ़ सुरक्षा के कार्य जाति देखकर नहीं होते। उन्होंने कहा कि जब अच्छे लोग सत्ता में आते हैं तो विकास होता है, लेकिन गलत लोगों के हाथ में सत्ता जाने पर सुरक्षा और विकास दोनों प्रभावित होते हैं। मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौर में मऊ समेत पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल था। उन्होंने वर्ष 2005 के मऊ दंगे का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालते थे और निर्दोष लोगों की हत्या होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय व्यापारी सूर्यास्त से पहले दुकानें बंद करने को मजबूर थे और बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आज गरीबों तक सीधे पहुंच रहा है। प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, लगभग तीन करोड़ घरों में शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। वहीं आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में विकास अभियान बिना रुके और बिना थके आगे बढ़ रहा है। सड़क, पुल, बिजली, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और माफिया के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

सीएम योगी ने जनता को एक-एक वोट की ताकत बताते हुए कहा कि जनता के वोट से ही अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण संभव हुआ। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में बेटियां नाइट शिफ्ट में भी सुरक्षित काम कर रही हैं और व्यापारी बिना भय के कारोबार कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मऊ और पूर्वांचल में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज से मऊ की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लोग कम समय में राजधानी पहुंच रहे हैं। उन्होंने घोसी चीनी मिल के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा और आश्वासन दिया कि सरकार किसानों के हित में हरसंभव मदद करेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों से भीषण गर्मी, लू और आंधी-तूफान के दौरान सावधानी बरतने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि लोग पर्याप्त पानी पिएं और खराब मौसम में खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे जाने से बचें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मऊ में 114 परियोजनाओं के तहत सड़क, पुल, पेयजल, पुलिस अवस्थापना, स्वास्थ्य, पर्यटन, शिक्षा और नगर विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है।