आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला आज रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताब के लिए गुजरात टाइटंस और मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों की नजर अपनी-अपनी दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर होगी, जिससे यह मुकाबला और भी रोमांचक बन गया है। फाइनल में एक ओर RCB के कप्तान रजत पाटीदार और दूसरी ओर गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल के सामने अपनी टीम को चैंपियन बनाने की बड़ी चुनौती होगी।
गुजरात टाइटंस के लिए यह मुकाबला पिछले मैच का बदला लेने का भी मौका होगा। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत क्वालीफायर में हुई थी, जहां RCB ने गुजरात को एकतरफा अंदाज में हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था। ऐसे में गुजरात की टीम फाइनल में हिसाब बराबर करने के इरादे से उतरेगी।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी इस सीजन शानदार लय में रही है। टीम को विराट कोहली, कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और टिम डेविड से बड़ी उम्मीदें होंगी। ये खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बने रहे हैं।
गेंदबाजी विभाग में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। दोनों गेंदबाज शुरुआती विकेट निकालकर गुजरात के मजबूत बल्लेबाजी क्रम पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे।
गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी कप्तान शुभमन गिल के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। गिल ने पिछले मुकाबले में शानदार शतक जड़कर टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। उनके अलावा साई सुदर्शन और जोस बटलर भी किसी भी समय मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज रबाड़ा और जेसन होल्डर पर सबकी निगाहें रहेंगी। गुजरात को अगर दूसरी बार चैंपियन बनना है तो उसके गेंदबाजों को RCB के विस्फोटक बल्लेबाजी क्रम को जल्दी रोकना होगा।






