Home Political news ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले “2027 में सपा...

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले “2027 में सपा का कोई भविष्य नहीं”

56
0

लखनऊ। सुभासपा प्रमुख एवं प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट साझा करते हुए सपा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को निशाने पर लिया। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव हर साल विदेश यात्रा पर जाते हैं और प्रदेश की राजनीति से ज्यादा अपनी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने दावा किया कि सपा नेतृत्व को 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी हार का आभास हो चुका है, इसलिए जनता के बीच जाने के बजाय विदेश जाने की तैयारी की जा रही है।

अपनी पोस्ट में राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं पर भी कटाक्ष किया और आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को केवल नारेबाजी तक सीमित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सपा का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है और प्रदेश की जनता अब उसके नेतृत्व पर भरोसा नहीं कर रही है।

राजभर ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार सख्त है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने सपा शासनकाल का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में अपराध और अराजकता को संरक्षण मिलता था।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किए गए इस हमले को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की राजनीतिक बयानबाजी के रूप में देखा जा रहा है। सपा की ओर से फिलहाल इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।