बागेश्वर। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए एक ट्रैकर की तलाश में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और स्थानीय पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान लगातार जारी है। हालांकि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश और खराब मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी विशेष चौहान अपने स्थानीय पोर्टर के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर गए थे। वापसी के दौरान वह अपने पोर्टर से बिछड़ गए और निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटे। इसके बाद मामले की सूचना थाना कपकोट को दी गई, जहां से SDRF की सहायता मांगी गई।
सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट कपकोट से मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके के लिए रवाना हुई। सर्च अभियान के दौरान टीम ने गाइड द्वारा बताए गए संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने रोप तकनीक की मदद से लगभग 60 से 70 मीटर गहरी ढलान में उतरकर खोजबीन की।
अभियान के दौरान लापता ट्रैकर का कैमरा बरामद हुआ, जिसके बाद पिंडर नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन का दायरा और बढ़ा दिया गया। कैमरे की बरामदगी के बाद टीम ने संभावित स्थानों पर व्यापक स्तर पर तलाश शुरू कर दी है। हालांकि लगातार बारिश, फिसलन भरे रास्तों और अत्यंत खराब मौसम के कारण अभियान को आगे बढ़ाना जोखिमपूर्ण हो गया, जिसके चलते फिलहाल सर्च ऑपरेशन को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है। SDRF अधिकारियों का कहना है कि मौसम में सुधार होते ही अभियान को दोबारा शुरू किया जाएगा। लापता ट्रैकर की तलाश के लिए SDRF और स्थानीय पुलिस की टीमें लगातार समन्वय के साथ प्रयास कर रही हैं और हर संभावित क्षेत्र में खोजबीन की जा रही है।






